जिले में वयस्क बी.सी.जी. टीकाकरण अभियान प्रारंभ


55 वर्षिय शीलाबाई अहिरवार को बीसीजी टीका लगाकर किया गया अभियान का शुभारंभ


दमोह - जिला क्षय केन्द्र दमोह में वयस्क बी.सी.जी. टीकाकरण अभियान का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी प्रीतम सिंह लोधी के मुख्य आतिथ्य में शीला बाई अहिरवाल उम्र 55 वर्ष निवासी दमोह शहरी क्षेत्र को बी.सी.जी. का टीका लगा कर किया गया। इस मौके पर दो टी.बी. मरीजों को फूड बॉस्केट भी प्रदाय किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्पित वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सरोजनी जेम्स बेक, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश नामदेव विशेष रूप से मौजूद रहे।


            इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी प्रीतम सिंह लोधी ने कहा सभी नागरिक स्वस्थ्य रहे, स्वास्थ्य सुविधा सभी तक पहुचे इस हेतु शासन द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे है। कोविड-19 बीमारी से बचाव, रोकथाम में टीका बेहद असरकारी रहा, इसे हम सभी ने देखा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 2025 तक टी.बी. मुक्त भारत बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की नई पहल वयस्क बी.सी.जी. टीकाकरण अभियान के तहत जोखिम वाले चिन्हित 6 संवर्गों को टीकाकृत करने जिले में शुरूआत की गई है। टीका बेहद सुरक्षित एवं टी.बी. रोकथाम में बेहद कारगर है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी पात्रताधारी लोगों को टीकाकृत करने की बड़ी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की गई है। इस टीकाकरण अभियान का लाभ अवश्य लें।

            उन्होंने कहा वयस्क बीसीजी टीकाकरण महाअभियान को ग्राम स्तर पर और नीचे तक स्वास्थ्य अमले को लेकर जाना है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का लक्ष्य है कि हर व्यक्ति स्वस्थ रहे और हर व्यक्ति के लिए स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध रहें, इन सभी के लिए जो अमला यहां पर उपस्थित है, यह अमला उन सभी व्यक्तियों तक पहुंचेगा जो बीसीजी टीकाकरण के लिये पात्र है, जो व्यक्ति 18 वर्ष से ऊपर के है उनका वेक्सीनेशन किया जायेगा और 60 वर्ष के ऊपर के सभी व्यक्तियों का वैक्सीनेशन होगा, जिसका सर्वे किया गया है। यदि इन सभी का वैक्सीनेशन समय पर कर लिया गया तो निश्चित है कि टीवी रोग से होने वाली मृत्यु दर में बहुत कमी आ जाएगी।

            सीएमएचओ डॉ सरोजनी जेम्स बेक ने कहा देश के 26 राज्यों में शामिल म.प्र. एवं केन्द्र शासित प्रदेश में वयस्क लोगों पर बी.सी.जी. टीके के प्रभाव को जानने और टी.बी. की रोकथाम के लिए वयस्क बी.सी.जी. टीकाकरण को पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में लिया गया है। प्रदेश के दमोह जिले सहित 26 जिलों में आज अभियान की शुरूआत एक साथ की गई है। सीएमएचओ डॉ. बेक ने टी.बी. से निजात दिलाने में उपयोगी वयस्क बी.सी.जी. टीकाकरण अभियान को सफल बनाने जनप्रतिनिधियों सहित आमजनों से सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।

            जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ रैक्सन अल्बर्ट ने टीकाकरण कार्ययोजना के संबंध में बताया कि आज वयस्क बी.सी.जी.  टीकाकरण हेतु 25 सत्र नियोजित किये गये है। सोमवार से प्रति सप्ताह दो दिवस सोमवार एवं गुरूवार को सभी स्वास्थ्य संस्थाओं सहित मैदानी स्तर पर 210 सत्र नियोजित किये जायेंगे।

            जिला क्षय अधिकारी डॉ. गौरव जैन ने बताया कि 1921 से बी.सी.जी. टीका ईजाद किया गया। शिशु को टी.बी. से बचाव के लिए जन्म उपरांत 1978 से बी.सी.जी. टीका लगाया जा रहा है। टीका बेहद सुरक्षित है। व्यक्ति विशेष में रोग प्रतिरोधक क्षमता आधार पर 14 से 18 वर्षों तक टी.बी. से बचाव मे प्रभावी होता है। 18 वर्ष से ऊपर वाले ऐसे लोग जो पिछले पांच वर्ष में कभी भी टी.बी. से संक्रमित रहे है अथवा 3 वर्ष में टी.बी. संक्रमित लोगों के संपर्क में आये हो या फिर जीवन मे कभी भी धूम्रपान किया है, डायबिटीज से पीड़ित है या फिर जिनका बीएमआई 18 से कम है के अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को टी.बी. से बचाव एवं रोकथाम के लिए वयस्क बी.सी.जी.  टीकाकरण अभियान दौरान टीका अवश्य करायें।

             कार्यक्रम दौरान रमन खत्री, अखिलेश हजारी, संतोष रोहित, सुरेश पटेल, विक्रम सिंह ठाकुर सहित जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक एवं शहरी आशा कार्यकर्ताए एवं स्वास्थ्य अमला, सम्मानीय मीडियाजन सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم